ब्राजील को पीछे छोड़ भारत डराने वाले आंकड़ों की ओर बढ़ रहा है ।
साल के अंत तक कोरोना के 1.40 करोड़ केस और 1.76 लाख मौतों की आशंका ।
भारत में अब हर दिन अमेरिका और ब्राजील से दोगुने संक्रमित मिल रहे ।
संक्रमण के चलते दुनिया में हर दिन मरने वाले 20.65% लोग भारत से हैं ।
नई दिल्ली । भारत दुनिया का दूसरा सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित देश हो गया है। यहां 41 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं। ब्राजील 40 लाख 91 हजार मामलों के साथ अब तीसरे नंबर पर है। भारत में मरीजों के बढ़ने की रफ्तार अगर यही रही तो नवंबर तक एक करोड़ और साल के अंत तक देश में 1 करोड़ 40 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो जाएंगे, जबकि 1 लाख 76 हजार से ज्यादा लोगों की जान जाने की आशंका है।

दुनिया में अभी संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले अमेरिका में है । वहां 63 लाख से ज्यादा लोग कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। अमेरिका और ब्राजील में अब हर दिन औसतन 40 से 45 हजार नए संक्रमित मिल रहे हैं। भारत में अब तक 41 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। देश में हर दिन 85 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं, यानी अमेरिका और ब्राजील से दोगुने।
नवंबर में ही एक करोड़ संक्रमितों का आंकड़ा पार हो जाएगा
देश में संक्रमितों के बढ़ने की अगर यही रफ्तार रही तो नवंबर में ही 1 करोड़ 13 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ जाएंगे। अभी हर दिन 85 हजार से ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं। इस लिहाज से 30 सितंबर तक 60 लाख और 31 अक्टूबर तक 80 लाख से ज्यादा केस होंगे।
एक्टिव केस के मामले में भारत पहले से ही दूसरे नंबर पर
एक्टिव केस के मामले में भारत पहले से ही दुनिया में दूसरे नंबर पर है। एक्टिव केस यानी ऐसे मरीजों की संख्या जिनका अभी इलाज चल रहा है। भारत में अभी ऐसे मरीजों की संख्या 8 लाख 59 हजार से ज्यादा है। दुनिया के कुल संक्रमितों में 37.40% एक्टिव केस अमेरिका और 12.18% भारत से हैं। ब्राजील में एक्टिव केस की संख्या 11.90% है।

पॉजिटिविटी रेट में 2% की गिरावट
जुलाई के मुकाबले अगस्त में जहां टेस्टिंग ज्यादा हुई तो दूसरी ओर पॉजिटिविटी रेट में भी गिरावट आई। यह राहत की बात है। आंकड़ों के मुताबिक, जून में 49 लाख लोगों की जांच हुई और उनमें से 3.59 लाख लोग संक्रमित मिले। इसी तरह जुलाई में 1.53 करोड़ टेस्ट हुए, जिनमें 10.55% यानी 11.11 लाख लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अगस्त में 2.39 करोड़ लोगों की जांच हुई और इनमें 8.30% यानी 19.90 लाख लोग संक्रमित मिले।

भारत में हर 100 मरीजों में से 77 और रूस में 82 ठीक हो रहे
दुनिया के टॉप-5 संक्रमित देशों में सबसे बेहतर रिकवरी रेट (82.03%) रूस की है। वहां डेथ रेट 1.73% है। भारत में रिकवरी रेट 77.34% है। मतलब हर 100 मरीजों में से 77 ठीक हो रहे हैं। ये आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। भारत में डेथ रेट भी टॉप-5 देशों की लिस्ट में सबसे कम है। यहां अब तक मिले संक्रमितों में 1.70% लोगों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा डेथ रेट पेरू की है। वहां अब तक 4.36% मरीजों की मौत हो चुकी है।
देश के 5 राज्यों में 60% मामले और 69% मौतें हुईं ।

देश में संक्रमण का सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में देखने को मिला। देश के 41 लाख संक्रमितों में 21.40% यहीं से हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश से 11.83% और तमिलनाडु से 11.20% मरीज हैं। इसी तरह मौत के मामले में भी अब तक 37.52% मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं।

Leave a Reply