राजधानी दिल्ली के न्यू अशोक नगर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक हैवान ने 66 साल की महिला की दुष्कर्म के बाद गला रेतकर हत्या कर दी। लेकिन, आरोपी यहीं नहीं रुका। आरोपी ने ताबड़तोड़ 25 से अधिक वार कर महिला का पेट फाड़ डाला। इतना ही नहीं, उसने महिला के दोनों पैर काटने का भी प्रयास किया। हैवानियत के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। रविवार दोपहर बेटा घर पहुंचा तो कमरे में मां का निवस्त्र व खून से लथपथ शव देखा। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज की मदद से कुछ ही घंटे में आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी 30 वर्षीय विपिन दल्लूपुरा गांव का ही रहने वाला है।

बुजुर्ग महिला मूल रूप से बिहार के बेगूसराय की रहने वाली थीं। वह अपने बेटे और पोते के साथ न्यू अशोक नगर के दल्लूपुरा गांव में किराए के मकान में रहती थीं। महिला का 32 वर्षीय बेटा नोएडा स्थित एक बैंक में सुरक्षा गार्ड है, जबकि पोता एक स्कूल में दसवीं का छात्र है। महिला का बड़ा बेटा गांव में ही रहता है। बुजुर्ग घर के पास ही सब्जी बेचती थीं। वक्त मिलने पर बेटा और पोता भी सब्जी बेचने में उनकी मदद करते थे। रविवार सुबह बेटा ड्यूटी पर चला गया, जबकि पोते के साथ महिला सब्जी की दुकान पर मौजूद थीं। दोपहर करीब 12 बजे महिला दुकान पर अपने पोते को छोड़कर खाना बनाने के लिए घर में चली गईं। दोपहर करीब दो बजे उनका बेटा ड्यूटी खत्म कर घर लौटा तो कमरे में उनका शव पड़ा था। बेटे ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने महिला का दरांती से गला रेतने के बाद चाकू से पेट और छाती पर ताबड़तोड़ वार किए थे। इससे महिला का पेट फट गया था। दरांती से महिला के दोनों पैर काटने का भी प्रयास किया गया था। पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्मार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply