Advertisements

सिलेंडरों की संख्या कम और मरीज दुगुने से ज्यादा आ गए
कोटा। मेडिकल कॉलेज के कोरोना समर्पित अस्पताल में कोरोना मरीजों की संख्या बढऩे से ऑक्सीजन की खपत भी बढ़ गई। ऐसे में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बाहर से सिलेंडर मंगवाए हैं। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसमें कई गंभीर मरीज भी पहुंच रहे हैं। ऐसे में उनको ऑक्सीजन की जरूरत है। वर्तमान में 216 सिलेंडर अस्पताल में मौजूद हैं, लेकिन ये भी कम पड़ गए। इनमें से 97 सिलेंडरों का उपयोग होता है और 97 ऑक्सीजन भरने जाते हैं और शेष सिलेंडर रिजर्व में रहते हैं, लेकिन मरीजों की संख्या ज्यादा हो गई है। ऐसे में जयपुर के सवाई मानिसिंह अस्पताल से 30 सिलेंडर, एमबीएस अस्पताल से 20, जेके लोन से 15, रामपुरा से 5, निजी अस्पतालों से 5 सहित करीब 75 सिलेंडर की अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ी है। इसके अलावा 100 नए सिलेंडर खरीदे हैं। वे 24 अगस्त की रात तक गुजरात से आ जाएंगे। जबकि 100 नए सिलेंडरों की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि नए अस्पताल में मरीजों की संख्या बढऩे के साथ मैन पावर भी बढ़ा दी गई है। कुछ और चिकित्सकों की अस्पताल में ड्यूटी लगाई गई है। इनमें तीन मेडिकल फैकल्टी डॉ. निर्मल शर्मा, डॉ. राजेश, डॉ. नितेश बोध को लगाया गया। 6 आर्थोपेडिक रेजीडेंट लगाए गए। 1 सीनियर व 4 जूनियर एनेस्थिसिया के चिकित्सक व ऑक्सीजन प्लांट के लिए एक सहायक प्रोफेसर को लगाया गया।

Leave a ReplyCancel reply