यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का शनिवार रात करीब सवा नौ बजे लंबी बीमारी के बाद लखनऊ में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार 23 अगस्त को नरौरा में गंगा तट पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उन्होंने प्रदेश में 23 अगस्त को एक दिन के सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की है। अलीगढ़ जिले के मढ़ौली ग्राम में तेजपाल सिंह लोधी और सीता देवी के घर पांच जनवरी 1932 को जन्मे कल्याण सिंह पहली बार 1967 में जनसंघ के टिकट पर अलीगढ़ जिले की अतरौली सीट से विधानसभा सदस्य चुने गये और इसके बाद 2002 तक दस बार विधायक बने।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘‘दुख की इस घड़ी में मेरे पास शब्द नहीं हैं। वह जमीन से जुड़े बड़े राजनेता और कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ एक महान व्यक्तित्व के स्वामी थे। उत्तर प्रदेश के विकास में उनका योगदान अमिट है। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।’’ राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शोक जताते हुए कहा कि उनका जनता के साथ अद्भुत जुड़ाव था। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें राष्ट्रवादी तथा बेमिसाल नेता बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान के बाहर पत्रकारों से कहा, ”हम सबके लिए दुखद समाचार है, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह जी हमारे बीच नहीं रहे। विगत दो माह से कल्याण सिंह अस्वस्थ थे।” उन्होंने कहा, ”हम सब दुखी हैं, उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री और एक जननेता के रूप में कल्याण सिंह ने शासन में शुचिता, दृढ़ता एवं मूल्यों के प्रति अपने कार्यकाल के दौरान जो आदर्श प्रस्तुत किये, वे आज भी मानक बने हुए हैं।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश ही नहीं भारतीय राजनीति की वह कद्दावर हस्ती थे, जिन्होंने अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व से देश और समाज पर एक अमिट छाप छोड़ी। उनका लम्बा राजनीतिक जीवन जनता-जनार्दन की सेवा में समर्पित रहा। वे उत्तर प्रदेश के अत्यंत लोकप्रिय मुख्यमंत्री के रूप में जाने गए।’’

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, “उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह जी का निधन ह्रदय विदारक है। भगवान दिवगंत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति दें। विनम्र श्रद्धांजलि।”
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने ट्वीट कर कहा, ”भाजपा के कद्दावर नेता व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के राज्यपाल रहे कल्याण सिंह के निधन की खबर अति दुखद है। उनके परिवार व समर्थकों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।” उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राम मंदिर आंदोलन से जुड़े चंपत राय, राम विलास वेंदाती, विनय कटियार, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Leave a Reply