कोटा/जयपुर, 11 नवम्बर (देश न्यूज))। प्रदेश के जयपुर, जोधपुर व कोटा में नवगठित नगर निगमों के चुनाव में चार नगर निगमों में महापौर पद पर कब्जा कर चुकी कांग्रेस ने बुधवार को उप महापौर पद के चुनाव में भी 4 निगम कब्जाए। जबकि, भारतीय जनता पार्टी के दो निगमों में ही उप महापौर बने। जयपुर के नगर निगम ग्रेटर से भाजपा के पुनीत कर्णावत निर्विरोध जीते है। हैरिटेज में कांग्रेस के असलम फारूखी उपमहापौर बने हैं। जबकि जोधपुर के दो नगर निगमों में महापौर के चुनाव में एक-एक सीट पर कब्जा कर चुकी कांग्रेस व भाजपा के लिए उपमहापौर का भी परिणाम यही रहा। जोधपुर उत्तर में जहां कांग्रेस के अब्दुल करीम जीते वहीं जोधपुर दक्षिण में भाजपा के किशन लड्ढा को उम्मीद से ज्यादा मतों से जीत मिली। कोटा दक्षिण से कांग्रेस के पवन मीणा और उत्तर से सोनू कुरैशी जीते हैं। जयपुर नगर निगमों में उपमहापौर के लिए हुए चुनाव में नगर निगम ग्रेटर से भाजपा के पुनीत कर्णावत निर्विरोध उपमहापौर बने, जबकि हैरिटेज से कांग्रेस के असलम फारूखी ने 12 वोटों से जीत दर्ज की। फारूखी को 56 वोट मिले, जबकि भाजपा के महेन्द्र कुमार को 44 वोट। उपमहापौर चुनावों में कांग्रेस ने नगर निगम ग्रेटर से अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारा था। इस कारण भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। हैरिटेज में कांग्रेस ने वार्ड 29 से पार्षद बने असलम फारूखी को उम्मीदवार बनाया, जबकि भाजपा ने वार्ड 96 से पार्षद बने महेन्द्र कुमार ढलेत को अपना प्रत्याशी बनाया था। हैरिटेज में कांग्रेस की ओर से असलम फारूखी को प्रत्याशी बनाए जाने से कुछ सीनियर पार्षदों में नाराजगी देखने को मिली। पार्षद उमरदराज ने इसको लेकर आपत्ति भी जताई थी, लेकिन नामांकन भरने के बाद और वोटिंग से पहले मुख्य सचेतक महेश जोशी, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक अमीन कागजी और रफीक खान ने होटल में सभी पार्षदों संग बैठक कर उनके समझाइश की और उनकी नाराजगी को दूर कर एकजुट होकर वोट करने की अपील की। भाजपा प्रत्याशी पुनीत कर्णावत वार्ड 128 से चुनाव जीतकर पार्षद बने है। वे वसुंधरा सरकार में यूडीएच मंत्री रहे राजपाल सिंह शेखावत के करीबी माने जाते है।
कोटा में मुकाबला टाई हुआ तो लॉटरी से फैसला-कोटा उत्तर से कांग्रेस के सोनू कुरैशी को उप महापौर चुना गया है। उन्होंने भाजपा के ज्ञानेंद्र को हराया। कांग्रेस को कुल 50 मत मिले, वहीं भाजपा उम्मीदवार को सिर्फ 9 वोट मिले। कोटा दक्षिण में डिप्टी मेयर का चुनाव टाई हो गया। यहां कांग्रेस और भाजपा दोनों को 40-40 मत मिले। इसके बाद लॉटरी के जरिए कांग्रेस के पवन मीणा डिप्टी मेयर बने। उन्होंने भाजपा के योगेंद्र खीचीं को हराया।
जोधपुर दक्षिण में मेयर से अधिक वोट लाये डिप्टी मेयर प्रत्याशी-जोधपुर दक्षिण में भाजपा के पास स्वयं के 43 वोट थे जबकि तीन निर्दलीय का समर्थन मिला हुआ था। मेयर के चुनाव में 46 पार्षद एक ही बस में मतदान करने पहुंचे लेकिन मेयर को मिले वोट 45 ही थे। ऐसे में एक वोट इधर-उधर हो गया। इसके विपरीत डिप्टी मेयर के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी किशन लड्ढा को भाजपा व समर्थित पार्षदों के 46 मतों के बजाय 48 वोट मिले। ऐसे में भाजपा को दो अतिरिक्त वोट मिले। यहां कांग्रेस प्रत्याशी गणपत सिंह चौहान को 32 वोट मिले। कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी को 35 वोट मिले थे। ऐसे में दो वोट कांग्रेस खेमे से भाजपा खेमे में गए हैं। किशन लड्ढा 16 वोट से जीतकर डिप्टी मेयर बन गए। जोधपुर उत्तर में कांग्रेस का उपमहापौर प्रत्याशी अब्दुल करीम तो भाजपा प्रत्याशी की गलती के कारण निर्विरोध निर्वाचित हो गए। जोधपुर उत्तर में भाजपा के उपमहापौर प्रत्याशी सुरेंद्र जोशी ने नामांकन तो दाखिल किया लेकिन प्रस्तावक के हस्ताक्षर ही नहीं करवाए। ऐसे में बाद में प्रस्तावक के हस्ताक्षर करवाने गए तो वापसी में आते-आते समय ही बीत गया। नतीजतन उनका पर्चा खारिज हो गया। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस के अब्दुल करीम को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया।

Leave a Reply