आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जन्मदिन है। इस मौके पर जयपुर में पीसीसी ऑफिस में पुष्पांजलि कार्यक्रम रखा गया। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। अध्यक्ष के पद से हटाए जाने के बाद यह पहली बार था जब पायलट कांग्रेस के दफ्तर पहुंचे।
‘आज तक’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक 10.30 बजे सीएम गहलोत और प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को कांग्रेस मुख्यालय आना था लेकिन वे नहीं आए। उनकी जगह सचिन पायलट प्रदेश कांग्रेस के दफ्तर पहुंचे। पायलट के आते ही सीएम के लगाया गया पुलिस बल अलग कर दिया गया। इसी के साथ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के मिलन की आस लगाए कांग्रेसियों को निराशा हाथ लगी। इस मौके पर सचिन पायलट ने राजीव गांधी को याद करते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
पायलट ने कहा कि राजीव गांधी 400 से ज्यादा सीट लेकर आए थे मगर 2 सीट वाली बीजेपी का भी पूरा सम्मान करते थे। कार्यक्रम में पायलट ने कहा कि देश में राजीव गांधी के द्वारा ही आईटी और कंप्यूटर का रिवोल्यूशन आया। वे प्रचंड बहुमत के साथ सरकार में आए थे। इसके बाद भी कभी नहीं कहा कि विपक्ष मुक्त बनाना है भारत को। आज जो लोग सत्ता में हैं वो कांग्रेस मुक्त की बात करते हैं।
सचिन पायलट ने कहा कि आज बीजेपी घमंड में कांग्रेस मुक्त भारत की बात करती है, उन्हें राजीव गांधी से राजनीति का बड़प्पन सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज जो तकनीक क्रांति के बल पर देश आगे जा रहा है वह राजीव गांधी की देन है। आगे आने वाले दिनों में देश के युवा राजीव गांधी से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ेंगे।