जयपुर, 20 अगस्त । कोरोना महामारी के संक्रमण की जद में आ रहे भाजपा नेताओं की सूची में अब केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का नाम भी जुड़ गया है। शेखावत ने गुरुवार दोपहर खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। इसमें उन्होंने गुजरे कुछ दिनों से उनके संपर्क में आए लोगों से खुद को घरेलू एकांतवास करने का अनुरोध किया है। उनके ट्वीट के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ट्वीट कर शेखावत के बेहतर स्वास्थ्य की प्रार्थना की।
केन्द्रीय मंत्री व जोधपुर के सांसद शेखावत इस समय दिल्ली में है। उन्होंने गुरुवार दोपहर ट्वीट कर जानकारी दी कि अस्वस्थता के कुछ लक्षण दिखने पर मैंने कोरोना टेस्ट करवाया और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं। मेरा अनुरोध है कि गत दिनों में मेरे संपर्क में जो लोग आए हैं वे स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं। आप सभी स्वस्थ रहें और अपना ध्यान रखें।
शेखावत हाल ही में मारवाड़ के दौरे पर आए थे। उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां और भाजपा शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी के साथ जोधपुर, पाली समेत कई इलाकों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया था। शेखावत के ट्वीट के थोड़ी देर बाद ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी उनकी सेहत को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि अभी जानकारी मिली है कि केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत पॉजिटिव पाए गए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे जल्द रिकवर हो।
कोरोना के कारण मारवाड़ के अधिकांश भाजपा नेता संक्रमित हो चुके हैं। कुछ दिनों पहले बाड़मेर-जैसलमेर सांसद व केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी संक्रमित पाए गए थे। जोधपुर एम्स में उपचार लेकर वे घर लौट चुके हैं और अब घरेलू एकांतवास में है। जोधपुर के निवर्तमान महापौर घनश्याम ओझा, राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई व शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी भी कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं। सभी जोधपुर एम्स में उपचाररत है। नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल भी पॉजिटिव पाए गए थे। अब वे ठीक हो चुके है।

Leave a Reply