छबड़ा 19 अगस्त । बारां जिले के छबड़ा कस्बे में बीती रात हुई बारिश के दौरान जोशी कॉलोनी में बुधवार अलसुबह एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। इससे मकान में सो रहे पति-पत्नी में से पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति को गंभीरावस्था में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
छबड़ा कस्बे में मंगलवार रात तेज बारिश हुई थी। इससे जोशी कॉलोनी निवासी समीर शाह का जर्जर कच्चा मकान गिर गया। क्षेत्रवासियों ने बताया कि समीर के मकान के ऊपर ही एक पक्का मकान है। पक्के मकान की दीवार बुधवार सुबह समीर के कच्चे मकान पर गिर गई। इससे मकान में सो रहे समीर और उसकी पत्नी रेशमा बी (19) दब गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों की भीड़ मौके पर जुट गई। दोनों को काफी मशक्कत के बाद मलबे से बाहर निकाला गया। समीर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अचेतावस्था में रेशमा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।