भारत में कोरोनावायरस से संक्रमण के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसके चलते अब देश में सिर्फ मिजोरम ही ऐसा राज्य बचा है, जहां कोरोना के एक हजार से कम केस हैं। इस राज्य में अब तक संक्रमण से किसी की जान भी नहीं गई है, जो कि इस कठिन समय में अपने आप में एक उपलब्धि है। फिलहाल मिजोरम में कोरोना के 777 केस हैं। इनमें 356 लोग ठीक हो कर घर लौट चुके हैं।
भारत में पिछले 24 घंटे में देश में एक बार फिर कोरोना के 63 हजार 489 नए केस आए हैं। यह लगातार पांचवां दिन है, जब देश में 60 हजार मामले दर्ज हुए। इसी के साथ भारत में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 25 लाख 89 हजार 682 के करीब पहुंच गई है। इतना ही नहीं देश में पिछले एक दिन में 944 से ज्यादा लोगों की जान भी गई है और अब कुल मौतों का आंकड़ा 50 हजार के करीब पहुंच गया है। इस लिहाज से भारत अभी दुनिया में कोरोना से मौतों के मामले में चौथे स्थान पर है।
देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों की बात की जाए, तो महाराष्ट्र में हालात काफी खराब हैं। यहां अब पीड़ितों की संख्या 5 लाख 84 हजार के पार हो गई है। वहीं, 24 घंटे में 322 नई मौतों के साथ अब मृतकों की संख्या 19,749 हो गई है। देश के कुल मौतों में एक-तिहाई से ज्यादा हिस्सा महाराष्ट्र का ही है। अगर सिर्फ शनिवार के ही आंकड़े उठा लिए जाएं, तो महाराष्ट्र में हर 4 मिनट में एक व्यक्ति की कोरोना से जान गई है, जबकि हर घंटे राज्य में 526 नए केस मिले।
संक्रमित राज्यों में दूसरा नंबर तमिलनाडु का है, जहां एक दिन में 5860 नए संक्रमित पाए गए हैं। इसी के साथ राज्य में अब पीड़ितों का आंकड़ा 3 लाख 32 हजार 105 हो गया है। तीसरे नंबर पर फिलहाल आंध्र प्रदेश काबिज हो गया है। यहां 2 लाख 81 हजार 817 केस हैं, जबकि चौथे नंबर पर कर्नाटक में 2 लाख 19 हजार 926 केस हैं। तीसरे नंबर पर आंध्र प्रदेश में 2562 मौतों के मुकाबले कर्नाटक में अभी 3832 मरीजों की मौत हो चुकी है।