राजस्थान के टोंक से भाजपा सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया का एक अजब-गजब वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वे कीचड़ में नहाते और शंख बजाते दिख रहे हैं। वीडियो में वह यह भी कह रहे हैं कि कोरोना जिस दिन शुरू हुआ था उसी दिन मैंने कहा था कि अपनी इम्युनिटी बढ़ाइए। ये दवाई खाने से नहीं बढ़ेगी। आपको प्राकृतिक तरीके से इम्युनिटी मिलेगी। आप घूमने जाइए, बारिश में जाइए, मिट्टी में बैठिए। साथ ही खेत में काम करें, पैदल घूमें और शंख बजाएं। इन चीजों से इम्युनिटी बढ़ती है। दवाई खाने की जरूरत बिल्कुल नहीं है।

सिर्फ यही नहीं, उन्होंने आगे कहा कि अगर आपको कोई डर है। टोंक के किसी गांव में आ जाइए। आपको बीमारी नहीं लगेगी। गांव के लोगों की इम्युनिटी इसलिए ही अच्छी होती है। अगर आपको दवा खानी है तो खाइए, लेकिन बाहर निकलोगे तो इम्युनिटी मजबूत होगी। सभी प्राकृतिक चीजों का आनंद लीजिए।

चुनाव में क्रिकेटर अजहरूद्दीन को हरा चुके हैं जौनपुरिया
सुखबीर सिंह जौनपुर ने दिल्ली विवि से बीकॉम (सेकंड इयर) तक शिक्षा प्राप्त की। जौनपुरिया साल 2005 से 2009 तक हरियाणा विधानसभा के सदस्य रहे हैं। मई 2014 में 16वीं लोकसभा के सदस्य चुने गए थे। इस दौरान उन्होंने क्रिकेटर मोहम्मद अजहरूद्दीन को चुनाव में हराया था।

Leave a Reply