भारत में कोरोनावायरस से संक्रमण के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में देश में एक बार फिर कोरोना के अब तक के सबसे ज्यादा 66 हजार 999 मामले सामने आए। इसी के साथ भारत में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 23 लाख 96 हजार 638 हो गई है। इतना ही नहीं देश में कुल मौतों का आंकड़ा 47 हजार 33 पर पहुंच गया है। इस लिहाज से भारत अभी दुनिया में कोरोना से मौतों के मामले में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों की बात की जाए, तो महाराष्ट्र में हालात काफी खराब हैं। यहां पिछले एक हफ्ते में तीन दिन 12 हजार से ज्यादा केस आ चुके हैं। इसी के साथ अब यहां पीड़ितों की संख्या 5 लाख 35 हजार के पार हो गई है। वहीं, 24 घंटे में 344 नई मौतों के साथ अब मृतकों की संख्या 18,650 हो गई है। देश के कुल मौतों में एक-तिहाई से ज्यादा हिस्सा महाराष्ट्र का ही है।

संक्रमित राज्यों में दूसरा नंबर तमिलनाडु का है, जहां एक दिन में 5871 नए संक्रमित पाए गए हैं। इसी के साथ राज्य में अब पीड़ितों का आंकड़ा 3 लाख 14 हजार 520 हो गई है। तीसरे नंबर पर फिलहाल
आंध्र प्रदेश काबिज हो गया है। यहां 2 लाख 54 हजार 146 केस हैं, जबकि चौथे नंबर पर कर्नाटक में 1 लाख 96 हजार 494 केस हैं। तीसरे नंबर पर आंध्र प्रदेश में 2296 मौतों के मुकाबले कर्नाटक में अभी 3511 मरीजों की मौत हो चुकी है।
फिलहाल भारत के लिए एक सुकून देने वाली खबर यह है कि अब तक कुल मरीजों में से करीब 67 फीसदी यानी 16 लाख 95 हजार लोग ठीक हो कर घर लौट चुके हैं। पिछले 24 घंटे में ही 57 हजार से ज्यादा मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। देश में एक्टिव केसों की संख्या 6 लाख 51 हजार है।